हिंदी निबंध लेखन

MIDDLE SCHOOL LEVEL (For Class 5 to 7)

मेरी दादी

मेरी दादी

मेरी दादीजी की उम्र लगभग सत्तर वर्ष की है। वे पढ़ते समय चश्मा लगाती हैं। उनके ज्यादातर दाँत गिर गए हैं। हमारे दादा-दादी हम लोगों के साथ ही रहते है। हमारे घर में सभी लोग मेरी दादीजी का आदर करते हैं। मेरी माँ उनकी सेवा में लगी रहती है। पिताजी और घर के सभी लोग दादीजी का हुक्म मानते हैं। खाने-पीने, आराम करने और अन्य बातों में सब लोग दादीजी का पूरा ध्यान रखते हैं। मैं तो अधिकतर उन्हीं के पास रहता हूँ।

 

दादीजी रोज सुबह, सूरज निकलने के पहले ही उठ जाती हैं। वे नियमित रूप से पूजा-पाठ करती हैं। उनके कपड़े सदा साफ रहते हैं। घर की साफ-सफाई पर उनका बहुत ध्यान रहता है। दादीजी सबको प्यार करती हैं। अगर कोई गलती करता है, तो उसे वे डाँटती हैं। लेकिन कुछ देर बाद उसे प्यार से बुलाती भी हैं। मोहल्ले के लोग भी दादीजी का सम्मान करते हैं।

 

दादीजी सभी को आशीर्वाद देती रहती हैं। उन्हें देवी-देवताओं के भजन करना बहुत अच्छा लगता है।

 

दादीजी मुझे बहुत प्यार करती हैं। वे मुझे हमेशा अच्छी-अच्छी बातें बताती रहती हैं। वे हमें सुंदर-सुंदर कहानियाँ भी सुनाया करती हैं। भगवान करे, सबको ऐसी ही अच्छी दादी मिलें।

अधिक निबंध के लिए :