हिंदी निबंध लेखन

MIDDLE SCHOOL LEVEL (For Class 5 to 7)

मेरे दादाजी

मेरे दादाजी

मेरे दादाजी की उम्र लगभग सत्तर वर्ष की है। वे पूरी तरह स्वस्थ हैं। उनके कुछ दाँत गिर गए हैं। उनके सिर के ज्यादातर बाल सफेद हो गए हैं, मगर कुछ बाल काले भी हैं। वे कुर्ता-धोती पहनते हैं। उनके कपड़े हमेशा स्वच्छ रहते हैं। वे केवल लिखते या पढ़ते वक्त चश्मा लगाते हैं। वे अपने सारे काम खुद करते हैं। उन्हें किसी के सहारे की जरूरत नहीं पड़ती।

 

मेरे दादाजी सुबह सूरज निकलने के पहले ही उठ जाते हैं। नहा-धोकर वे लगभग आधे घंटे तक पूजा करते हैं। इस समय वे ‘रामचरित मानस’ का पाठ भी करते हैं। जब अखबारवाला लड़का अखबार लाता है तब दादाजी अखबार पढ़ते हैं।

 

अखबार पढ़ने के बाद मेरे दादाजी मुझे और मेरे छोटे भाई को पढ़ाते हैं। वे एक विद्यालय के प्रधानाचार्य रह चुके हैं। इसलिए उनके पढ़ाने का ढंग बहुत ही अच्छा है। खास तौर पर अँग्रेजी, गणित और भूगोल विषय तो वे बड़े ही अच्छे ढंग से पढ़ाते हैं। मेरे दादाजी दोपहर को लगभग बारह बजे सादा भोजन करते हैं। भोजन करने के बाद वे थोड़ी देर आराम करते हैं।

 

मेरे दादाजी को सरकार की ओर से हर महीने पेन्शन मिलती है। जिस दिन वे पेन्शन पाते हैं, उस दिन हम लोगों के लिए मिठाइयाँ, फल वगैरह जरूर लाते हैं। मेरे दादाजी हम दोनों भाइयों को बहुत प्यार करते हैं। जब कभी हमारी किसी गलती पर पिताजी नाराज होते हैं, तब दादाजी ही उनके गुस्से से हमें बचाते हैं। मुझे तो वे विशेष रूप से चाहते हैं। रात को मैं उन्हीं के पास सोया करता हूँ। मेरे दादाजी बड़े दयालु स्वभाव के हैं। वे पड़ोसियों और सगे-संबंधियों की भरसक मदद करते रहते हैं। सभी लोग मेरे दादाजी का आदर करते हैं।

 

मैं ईश्वर से यही प्रार्थना करता हूँ कि मेरे दादाजी जैसे दादाजी सबको मिलें।

अधिक निबंध के लिए :