हिंदी निबंध लेखन

MIDDLE SCHOOL LEVEL (For Class 5 to 7)

हमारा भारत

हमारा भारत

हमारा देश भारत प्राकृतिक रूप से बहुत सुंदर और शानदार है। इसकी संस्कृति और इतिहास महान हैं। विदेशों से आनेवाले लोग इसे अद्भुत देश कहते हैं। आज संसार के देशों में भारत का विशिष्ट स्थान है।

 

भारत के उत्तर में बर्फ से ढका हिमालय गर्व से मस्तक ऊँचा किए खड़ा है। विंध्याचल, सतपुड़ा, सहयाद्रि तथा नीलगिरि आदि पर्वतों से भारत की शोभा बढ़ी है। इन पर्वतों पर उगे हुए विस्तृत वनों से देश की सुंदरता में चार चाँद लग जाते हैं। कश्मीर और केरल का प्राकृतिक सौंदर्य अनोखा है। हमारे देश में गंगा, यमुना, नर्मदा, गोदावरी, कृष्णा, कावेरी आदि बड़ी-बड़ी नदियाँ बहती हैं। इनका जल अमृत के समान है। इसके कारण हमारे देश की धरती सदैव हरी-भरी रहती है।

 

बंगाल की खाड़ी तथा अरब सागर के कारण भारत की सुंदरता और अधिक बढ़ जाती है। हिंद महासागर भारत के चरण पखारता-सा प्रतीत होता है।

 

हमारे देश की धरती अनेक प्रकार के खनिजों से संपन्न है। यह मानव-धर्म पालन करनेवालों की धरती है। श्रीराम, श्रीकृष्ण, भगवान महावीर, गौतम बुद्ध आदि महापुरुषों ने यहीं अवतार लिया था। यह ऋषियों, मुनियों, तपस्वियों, ज्ञानियों एवं महात्माओं का देश है।

 

हमारा यह कर्तव्य है कि हम भारत की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए सदैव प्रयत्न करते रहें।

अधिक निबंध के लिए :