हिंदी निबंध लेखन

MIDDLE SCHOOL LEVEL (For Class 5 to 7)

गणेशोत्सव

गणेशोत्सव

महाराष्ट्र राज्य गणेशोत्सव के लिए प्रसिद्ध है। यह उत्सव भादों के महीने में आता है। दस दिनों तक चलने वाला सार्वजनिक गणेशोत्सव लोकमान्य टिळक ने शुरू किया था। अब तो यह उत्सव संपूर्ण भारत में धूमधाम से मनाया जाता है। भादों मास के शुक्ल पक्ष की चौथ को ‘गणेश चतुर्थी’ कहते हैं। इस दिन लोग बैंड-बाजे के साथ भजन-कीर्तन करते हुए गणेश जी की मूर्तियाँ लाते हैं। गली-मुहल्लों में बनाए गए सुंदर मंडपों या घरों में इन मूर्तियों की स्थापना की जाती है।

 

दस दिनों तक सुबह-शाम गणेश जी की पूजा आरती की जाती है और प्रसाद बाँटा जाता है। लाउडस्पीकरों पर भजन-कीर्तन और अन्य कार्यक्रम होते रहते हैं।

 

दस दिनों के बाद अनंत चतुर्दशी के दिन लोग गणेश जी की मूर्तियों का समुद्र या झील में विसर्जन करते हैं। कुछ लोग दस दिन के पहले भी मूर्ति का विसर्जन करते हैं। विसर्जन के समय लोग भक्तिभाव से ‘गणपति बाप्पा मोरया, पुढच्या वर्षी लवकर या’ के नारे लगाते हैं।

 

गणेशोत्सव श्रद्धा और उल्लास का अनोखा पर्व है।

भादों महीने के शुक्लपक्ष की चतुर्थी से चतुर्दशी तक गणेशोत्सव मनाया जाता है। महाराष्ट्र में लगभग प्रत्येक घर में गणेशजी की मूर्ति की स्थापना की जाती है। फल-फूल, लड्डू आदि चढ़ाकर गणेशजी का पूजन किया जाता है। गणेशोत्सव के समय हर मोहल्ले में चहल-पहल रहती है।

 

महाराष्ट्र में गणेशोत्सव दस दिन तक मनाया जाता है। कुछ लोग डेढ़ दिन, कुछ लोग पाँच दिन और कुछ लोग सात दिन के बाद गणेशजी की मूर्ति का विसर्जन करते है। सार्वजनिक गणेशोत्सव की मूर्तियों का विसर्जन अनंत चतुर्दशी को किया जाता है।

 

गणपति विसर्जन के दिन की धूमधाम देखते ही बनती है। लोग बाजे-गाजे के साथ नाचते-खेलते हुए गणेशजी की मूर्तियों को विसर्जन के लिए समुद्र, नदी या तालाब की ओर ले जाते हैं। वे जोर-जोर से पुकारते रहते हैं “गणपति बाप्पा मोरया, पुढच्या वर्षी लवकर या।” वे गणेशजी से दूसरे वर्ष जल्दी आने का अनुरोध करते हैं। गणपति की मूर्तियाँ समुद्र, नदी या तालाब के जल में विसर्जित कर दी जाती हैं।

 

गणेशजी विघ्नों का नाश करते हैं। इसीलिए प्रत्येक कार्य के आरंभ में उनकी पूजा की जाती है। गजानन, विनायक, पार्वतीनंदन, गौरीसुत आदि उनके कई नाम हैं।

 

हम प्रार्थना करते हैं कि गणेशजी हम सभी को सद्बुद्धि दें और हमारा कल्याण करें।

अधिक निबंध के लिए :